राजस्थान के मजदूरों को दिए करंट के झटके, प्राइवेट-पार्ट खींचा: एडवांस मांगने पर चोरी का आरोप लगाकर पीटा; कोरबा में काम करने आए थे

Spread the love

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में राजस्थान के 2 दलित मजदूरों की बेरहमी से पिटाई की गई। इतना ही नहीं, उन्हें करंट के झटके भी दिए और प्लास से उनके नाखून और प्राइवेट पार्ट को भी खींचा गया। आरोपियों ने दोनों मजदूरों पर चोरी का आरोप लगाते हुए पीटा है।

मामला सिविल लाइन थाना इलाके का है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो 14 अप्रैल का बताया जा रहा है जिसमें आरोपी भी राजस्थानी वेशभूषा में दिखे। हालांकि सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद आरोपी फरार हो गए हैं।

 

पीड़ितों ने अपने गांव पहुंचकर की शिकायत

बताया जा रहा है कि, दोनों दलित मजदूर भीलवाड़ा जिले से काम करने कोरबा की आइसक्रीम फैक्ट्री आए थे। युवकों का नाम अभिषेक भांबी और विनोद भांबी है। आरोपी भी राजस्थान के हैं और उनके परिचित हैं। बेरहमी से मारपीट का शिकार हुए दोनों मजदूर वापस राजस्थान अपने गांव चले गए। घर पहुंचकर उन्होंने परिजन को आपबीती बताई। इसके बाद वहीं पुलिस में शिकायत दर्ज की गई।

हाथ जोड़कर, कान पकड़कर रहम की भीख मांगता रहा. जान बचाने की गुहार लगाता रहा पीड़ित

पीड़ितों ने शिकायत में बताया कि, वे काम के एवज में कुछ एडवांस पैसे मांग रहे थे। इस पर आइसक्रीम फैक्ट्री के मालिकों ने उन पर चोरी का आरोप लगाकर बेरहमी से पिटाई कर दी। वीडियो में युवक जान बचाने की गुहार लगाता रहा।

वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक बार-बार हाथ जोड़ते हुए आरोपियों से अपनी जान की सलामती की गुहार लगा रहा है। आरोपी उसे धमकाते हुए उसे पीट रहे हैं और उन्हें गाली-गलौज करते हुए धमकियां दे रहे हैं। वीडियो में युवक बोल रहा है कि मेरे पिताजी को बुला लो। जिस पर आरोपी यह कह रहे हैं कि मर जाएगा तो घर ले चले जाएंगे।

कोरबा आ रही है भीलवाड़ा पुलिस की टीम

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की पुलिस ने केस दर्ज कर कोरबा पुलिस से संपर्क किया है। राजस्थान से पुलिस की टीम कोरबा आ रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए राजस्थान पुलिस की टीम और कोरबा पुलिस मिलकर. कार्रवाई करेगी।

जल्द से जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी

कोरबा के सीएसपी भूषण ने बताया कि भीलवाड़ा के गुलाबपुर थाना में एफआईआर दर्ज हुई। इसके बाद हमें इस घटना की जानकारी मिली है। इस मामले में पुलिस ने पहले ही आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है और सभी कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।

पुलिस पूरी कोशिश कर रही है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। पुलिस जांच के दौरान आरोपियों और पीड़ितों के बयान दर्ज करेगी। भीलवाड़ा पुलिस की टीम के आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई होगी और दोषियों को सजा दिलाने में मदद मिलेगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *