भोपाल। खजूरी सड़क थाना क्षेत्र के ईंटखेड़ी छाप गांव में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। फॉरेस्ट मैनेजमेंट इंस्टिट्यूट (आईआईएफएम) के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी 26 वर्षीय नीरज मेवाड़ा की हत्या उसी की पांच माह की गर्भवती पत्नी नीतू ने सोते समय फरसे से गला काटकर कर दी। पुलिस ने दो दिन की सघन पूछताछ के बाद हत्या का खुलासा करते हुए नीतू को गिरफ्तार कर लिया है।
हत्या के बाद नौ लोगों को फंसाने की कोशिश
हत्या के बाद नीतू ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने अपने गांव के एक युवक समेत नौ लोगों के नाम लेकर उन्हें झूठा फंसाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस की तकनीकी जांच में सभी निर्दोष साबित हो गए। इसके बाद पुलिस ने घटना का रिक्रिएशन कराया तो नीतू टूट गई और जुर्म कबूल कर लिया।
शादी थी नापसंद, चरित्र शंका से थी परेशान
नीतू ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी उसकी मर्जी के बिना नीरज से कराई गई थी। वह नीरज को पसंद नहीं करती थी। नीरज को चर्म रोग था, जिससे वह पहले से परेशान थी। ऊपर से नीरज उस पर चरित्र को लेकर संदेह करता था, जिससे तंग आकर उसने हत्या की साजिश रची।
सोते समय किया हमला, बाथरूम में धोए सबूत
घटना के दिन नीतू ने पहले से फरसा कमरे में छिपा कर रखा था। रात में जब नीरज गहरी नींद में सो रहा था, तब नीतू ने उसके गले पर फरसे से हमला किया। हमले से नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के दौरान नीरज ने बचाव में हाथ आगे किया था, जिससे उसकी उंगलियां भी कट गईं। हत्या के बाद नीतू ने बाथरूम में जाकर अपने हाथ और फरसा धोया और दरवाजा खोलकर सामान्य व्यवहार करने लगी। सुबह नीरज के छोटे भाई धीरज ने कमरे में मृत अवस्था में नीरज को देखा और पुलिस को सूचना दी।
फरसा बरामद, आरोप तय
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फरसा बरामद कर लिया है। आरोपी नीतू के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।













Leave a Reply