भोपाल। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के सह प्रभारी सतीश उपाध्याय पर एक आदिवासी महिला के यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा है। यह आरोप आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती ने लगाए हैं। भारती ने प्रदेश के डीजीपी को पत्र सौंपकर न केवल मामले की जानकारी दी है, बल्कि यह भी दावा किया है कि पीड़िता इस समय लापता है और उसकी जान को खतरा है। इस पत्र के साथ-साथ उन्होंने भोपाल जिला न्यायालय के न्यायाधीश को भी एक अलग पत्र लिखा है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
सोमनाथ भारती का कहना है कि पीड़ित महिला बीजेपी की ही कार्यकर्ता रही है और उपाध्याय ने सह प्रभारी रहते हुए उसका शारीरिक शोषण किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उपाध्याय ने इस गंभीर मामले की जानकारी अपने चुनावी हलफनामे में छिपाई है, जिसे लेकर उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की है। कोर्ट ने इस मामले में 8 अप्रैल को सुनवाई तय की है और उपाध्याय के खिलाफ दर्ज केस की जानकारी मांगी है।
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। हालांकि, जिस पत्र के माध्यम से यह आरोप सामने आया है, उसमें उपाध्याय के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी (FIR) का कोई नंबर या थाने का स्पष्ट विवरण नहीं दिया गया है। इस कारण कई लोग इसे राजनीतिक स्टंट मान रहे हैं तो कई लोग महिला की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
AAP नेता भारती का कहना है कि वे इस पूरे मामले की सत्यता जानने के लिए भोपाल पहुंचे हैं और चाहते हैं कि बीजेपी नेतृत्व इस मामले पर जवाब दे। उन्होंने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली पार्टी को अब यह साबित करना होगा कि वह इस बेटी के साथ खड़ी है या आरोपित नेता के साथ।













Leave a Reply